जालंधर – (मनदीप कौर)- पंजाब के जालंधर जिले के रहने वाले 30 वर्षीय राकेश कुमार के विदेश जाने के बाद अपहरण का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि राकेश को इटली भेजने के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन इटली पहुंचने के बाद एक गिरोह ने उसे बंधक बना लिया और रिहाई के बदले 70 हजार डॉलर यानी करीब 58 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
परिवार के अनुसार, राकेश को विदेश भेजने के लिए ट्रैवल एजेंट के माध्यम से करीब 9 लाख 50 हजार रुपये में सौदा तय किया गया था। एजेंट ने पहले राकेश को केन्या भेजा और वहां से उसकी फ्लाइट इटली के लिए करवाई गई।

यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-80th-independence-day-preparations-full-dress-rehearsal/
परिवार का कहना है कि केन्या पहुंचने के बाद राकेश और उसके साथ गए दो अन्य पंजाबी युवकों को एक गिरोह ने बंधक बना लिया। आरोप है कि युवकों के साथ मारपीट की गई और 6 अगस्त को व्हाट्सऐप के जरिए पिटाई के वीडियो भेजकर राकेश को छोड़ने के लिए 70 हजार डॉलर की मांग की गई।

परिवार के मुताबिक, अपहरणकर्ताओं ने खुद को खान बाबा बताया और पंजाबी भाषा में बातचीत की। बाद में लगातार अंग्रेजी में संदेश भेजकर राकेश की रिहाई के लिए तय रकम पांच घंटे के भीतर भेजने की मांग की गई।
पीड़ित परिवार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने संबंधित लोगों से संपर्क किया। परिवार का आरोप है कि ट्रैवल एजेंट परमजीत सिंह की ओर से अब फोन भी अटेंड नहीं किया जा रहा है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले में शामिल एजेंट और अन्य आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और राकेश को सुरक्षित भारत वापस लाया जाए।
मामले की जानकारी मिलने पर आम आदमी पार्टी के हलका फिल्लौर के पूर्व इंचार्ज प्रिंसिपल प्रेम कुमार भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि राकेश को सुरक्षित भारत लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करवाई जाएगी।
पीड़ित के पिता कश्मीर लाल ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को बेहतर भविष्य के लिए विदेश भेजने का फैसला किया था। परिवार का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में उनसे लाखों रुपये लिए गए और अब उनका बेटा विदेश में बंधक बना हुआ है।
परिवार ने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने, ट्रैवल एजेंट व उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई करने और राकेश कुमार की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।

