चंडीगढ़ -(मनदीप कौर)-पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर सहमति बन गई है। इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के बीच दोपहर 1 बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी मौजूद रहेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में भाजपा 50 से 55 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि अकाली दल 45 से 50 सीटें लेने को तैयार बताया जा रहा है। हालांकि, 10 से 12 सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच पेंच फंसा हुआ है।

बताया जा रहा है कि भाजपा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारी कर रही है। पंजाब भाजपा नेता अनिल सरीन ने भी कहा है कि पार्टी सभी 117 सीटों की तैयारी कर रही है।
गौरतलब है कि 23 नवंबर 2026 को भाजपा ने 19 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया था। इसमें कांग्रेस और अकाली दल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए 7 नेताओं को भी जगह दी गई थी।
सूत्रों के मुताबिक, गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर गठबंधन की घोषणा को खास महत्व दिया जा रहा है। लंबे समय तक साथ चुनाव लड़ने वाली दोनों पार्टियों के बीच पिछले कुछ वर्षों में दूरियां आ गई थीं। ऐसे में यह गठबंधन पंजाब की राजनीति में नया मोड़ साबित हो सकता है।
अब सभी की नजरें अमित शाह और सुखबीर बादल की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जहां गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।

