जालंधर -(मनदीप कौर)- आम आदमी पार्टी की ओर से सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत और जिला प्रधान अमृतपाल सिंह मौजूद रहे। इस दौरान मोहिंदर भगत ने पार्टी के 14वें स्थापना दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को मोगा में होने वाले समारोह की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के साथ ही पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी चुनावी बिगुल फूंकेगी।
मोहिंदर भगत ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को अपना CM चेहरा घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों ने अभी तक अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया है, जबकि AAP अपने कामकाज के आधार पर जनता के बीच जाने के लिए तैयार है।

100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का जिक्र
मंत्री भगत ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी शताब्दी समारोह और श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व के आयोजनों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इनसे जुड़े कार्यों और विकास परियोजनाओं के लिए करीब 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
नशे के खिलाफ अभियान पर कही ये बात
मोहिंदर भगत ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान को प्रभावी पहल बताया। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत वार्ड और जिला स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। नशा तस्करी में संलिप्त हजारों लोगों को जेल भेजा गया है, जबकि नशे की गिरफ्त में आए लोगों का नशा मुक्ति केंद्रों में उपचार करवाया जा रहा है।
खेल सुविधाओं के लिए 1800 करोड़ का बजट
मंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें खेलों से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से पंजाब सरकार ने खेल सुविधाओं के विकास के लिए 1800 करोड़ रुपये का बजट रखा है। गांवों में खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं, स्कूलों को खेल सामग्री दी जा रही है और जिम स्थापित किए जा रहे हैं।
300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का भी किया जिक्र
मोहिंदर भगत ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पारंपरिक राजनीति से अलग हटकर जनता के हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में 300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना से करीब 90 प्रतिशत परिवारों को राहत मिली है। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और जनकल्याणकारी योजनाओं पर काम कर रही है।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए भगत ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या पिछली सरकारों की देन है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकार के विकास और जनकल्याण के प्रयासों में सहयोग करें, ताकि अधूरे कार्यों को पूरा किया जा सके।

