जालंधर-(मनदीप कौर)- शहर के मॉडल टाउन इलाके की गार्डन कॉलोनी में दमन ओबरॉय पर कथित जानलेवा हमले का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में एडीसीपी माधवी शर्मा का बयान सामने आने के बाद घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस की ओर से इसे सड़क हादसे के बाद हुआ विवाद बताया जा रहा है, जबकि परिवार की तरफ से हमले और धमकियां मिलने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
एडीसीपी-2 माधवी शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें लक्की ओबरॉय के भाई पर कुछ लोगों द्वारा कथित हमला करने और उनकी जान को खतरा होने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मामला सड़क दुर्घटना से जुड़ा हुआ है। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और इस दौरान दूसरे पक्ष के वाहन को भी मामूली नुकसान पहुंचा था।

पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के मुताबिक, थाना नंबर-6 के एसआई रवि शर्मा ने बताया कि दमन ओबरॉय के बयानों के अनुसार, एक्टिवा सवार लोग गलती से उन पर हमला करने आए थे। वहीं कार चालकों के बयानों के अनुसार हमलावरों के पास तेजधार हथियार मौजूद थे। घटना के दौरान गाड़ी के शीशे टूटे हुए मिले और मौके पर एक्टिवा को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
एडीसीपी ने स्पष्ट किया कि हमले या इसके पीछे किसी साजिश को लेकर अभी तक कोई तथ्य सामने नहीं आया है। पुलिस सामने आए तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की गई है।
परिवार ने उठाए सवाल, तीन लोग एक्टिवा छोड़कर क्यों भागे?
दूसरी तरफ परिवार की ओर से पुलिस के बयान पर सवाल उठाए जा रहे हैं। परिवार का कहना है कि यदि यह केवल सड़क हादसे के बाद हुआ विवाद था तो गाड़ी के शीशे तोड़ने के बाद तीनों एक्टिवा सवार मौके से वाहन छोड़कर फरार क्यों हो गए?
परिवार की तरफ से यह भी आरोप लगाया गया है कि हत्या के एक मामले में आरोपियों पर केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। इसके लिए अलग-अलग नंबरों और जिलों से जान से मारने की धमकियां मिलने का दावा किया गया है। परिवार के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से कुछ संदिग्ध युवक लगातार उनके घर और दफ्तर की रेकी कर रहे थे।
बताया गया कि घटना वाले दिन दमन अपनी गाड़ी से उतरकर दफ्तर के अंदर गए ही थे कि एक्टिवा सवार तीन हमलावर वहां पहुंच गए और उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया।
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस जांच कर रही है। अब देखना होगा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों से घटना की असली वजह क्या निकलकर सामने आती है।

