जालंधर -(मनदीप कौर)- महानगर में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला बस स्टैंड के पास स्थित कोटक महिंद्रा बैंक के बाहर से सामने आया है, जहां निहंग बाणे में आए दो युवक कथित तौर पर एक बुलेट मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात बैंक के बाहर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, जालंधर निवासी यक्ष अपनी काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल नंबर PB08-FM-6630 पर सवार होकर बस स्टैंड के पास स्थित कोटक महिंद्रा बैंक पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक बैंक के बाहर खड़ी की और अंदर चले गए। इस दौरान बाइक की चाबी मोटरसाइकिल में ही लगी रह गई।

इसी बीच निहंग बाणे में आए दो युवक बाइक के आसपास घूमते दिखाई दिए। पहले उन्होंने बाइक के पास रेकी की। बाइक में चाबी लगी देखकर एक युवक फोन पर बात करने का बहाना बनाने लगा। इसके बाद मौका मिलते ही दोनों युवक बुलेट मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार, यह घटना सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। जब वह दोपहर करीब 1:15 बजे वापस लौटा तो उसकी बुलेट मोटरसाइकिल वहां से गायब थी। उसने आसपास काफी तलाश की और लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित के मुताबिक, बाइक के अंदर उसके जरूरी दस्तावेज भी रखे हुए थे।
पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालनी शुरू की
पीड़ित ने थाना बारादरी पुलिस को बाइक चोरी होने की शिकायत दी है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
वहीं, एसीपी सेंट्रल राजेश ठाकुर ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

