जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब के फिल्लौर में बोलेरो पिकअप गाड़ी और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद बोलेरो चालक गाड़ी के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, हादसे की सूचना सड़क सुरक्षा फोर्स को मिली थी। इसके बाद कंट्रोल रूम जालंधर ग्रामीण और एमडीटी के माध्यम से टीम को अलर्ट किया गया। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि यूपी नंबर का एक ट्रक बोलेरो पिकअप के पिछले हिस्से से टकरा गया था, जिसके कारण चालक गाड़ी के अंदर फंस गया था।

चालक को बाहर निकालने के लिए टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से हाइड्रा मशीन और ट्रैक्टर मंगवाया। काफी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे चालक को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे 108 एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल फिल्लौर में इलाज के लिए भेज दिया गया।
हादसे में क्षतिग्रस्त बोलेरो पिकअप गाड़ी को भी हाइड्रा की मदद से सड़क किनारे करवाया गया, ताकि यातायात प्रभावित न हो। वहीं, ट्रक चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
इस संबंध में सड़क सुरक्षा फोर्स के प्रभारी सरबजीत सिंह ने बताया कि टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया और हाईवे पर यातायात भी सुचारू करवाया। घटना की सूचना फिल्लौर थाने के ड्यूटी अधिकारी एएसआई जसविंदर सिंह और मुंशी को भी दे दी गई है। इसके अलावा पिकअप वाहन के मालिकों से संपर्क कर उन्हें मौके पर पहुंचने के लिए कहा गया है।

