जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर के रामामंडी इलाके में देर रात एक दुकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयानक थी कि दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
जानकारी के अनुसार, दुकान जोहल अस्पताल के बिल्कुल पास स्थित एक सैलून की थी। आग लगने के दौरान दुकान के अंदर रखा सारा सामान इसकी चपेट में आ गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में लगा एसी, बाहर लगा बोर्ड और अंदर की छत तक क्षतिग्रस्त हो गई। आग की लपटों के कारण दुकान का काफी नुकसान हुआ।

आसपास मौजूद लोगों और पार्षद की ओर से तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक दुकान के अंदर रखा सामान पूरी तरह जल चुका था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है। दुकान के मालिक की पहचान भी अभी सामने नहीं आई है।

