जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब रोडवेज डिपो नंबर-1 में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डिपो के स्क्रैप गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे आसपास के इलाके में भी दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, फायर ब्रिगेड के कंट्रोल रूम में बस स्टैंड डिपो रोडवेज के नजदीक झाड़ियों में आग लगने की सूचना मिली थी। जब फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तो आग काफी भयानक रूप ले चुकी थी। जांच के दौरान पता चला कि आग रोडवेज के स्क्रैप गोदाम में रखे पुराने टायरों और अन्य कबाड़ के सामान में लगी हुई थी।

गोदाम में ज्वलनशील सामान होने और तेज हवाएं चलने के कारण आग तेजी से फैलती गई। इसके बाद अलग-अलग फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। करीब 30 से 40 दमकल गाड़ियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
मामले की जानकारी देते हुए फायर ब्रिगेड अधिकारी गौरव भारद्वाज ने बताया कि कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
वहीं, मौके पर पहुंचे संबंधित थाने के एएसआई युवराज सिंह ने बताया कि पुलिस को कंट्रोल रूम से पंजाब रोडवेज डिपो नंबर-1 के स्क्रैप गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। डिपो कर्मचारियों से भी अभी कोई बातचीत नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

