जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर में शराब की सप्लाई को लेकर सामने आए मामले ने नया मोड़ ले लिया है। ठेकेदार कुणाल सहगल ने उन पर लगाए गए शराब लूट के आरोपों को झूठा बताते हुए अपना पक्ष रखा है। कुणाल सहगल का कहना है कि अवैध तरीके से शराब बेचने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, दूसरी तरफ जालंधर पुलिस के स्पेशल सेल ने एक टाटा मैक्स पिकअप से पंजाब किंग ब्रांड की 80 पेटी शराब बरामद कर इस मामले में कानूनी कार्रवाई की है।
सूर्य एन्क्लेव अंडरब्रिज के पास पुलिस ने रोकी पिकअप

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे स्पेशल सेल की टीम सब-इंस्पेक्टर मनजिंदर सिंह के नेतृत्व में इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूर्य एन्क्लेव अंडरब्रिज के पास सफेद रंग की टाटा मैक्स पिकअप (PB-07-CG-2081) को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान गाड़ी से पंजाब किंग ब्रांड की कुल 80 पेटी शराब बरामद हुई। पुलिस ने चालक से शराब की सप्लाई से संबंधित परमिट मांगा, लेकिन वह मौके पर कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी और शराब को कब्जे में ले लिया।
45 पेटी बोतलें और 35 पेटी अधिये बरामद
पुलिस के अनुसार, पिकअप से बरामद 80 पेटियों में 45 पेटियां बोतलों की थीं। प्रत्येक पेटी में 12 बोतलें रखी हुई थीं। इसके अलावा 35 पेटियां अधियों (पौवों) की थीं, जिनमें प्रत्येक पेटी में 50 पौवे थे।
इस हिसाब से पुलिस ने कुल 540 शराब की बोतलें और 1,750 पौवे बरामद किए। जांच के दौरान शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम और बैच नंबर मिटे हुए पाए गए, जिसके चलते शराब की पहचान और सप्लाई को लेकर संदेह पैदा हुआ।
चालक ने पूछताछ में बताई शराब की सप्लाई की जगह
पुलिस पूछताछ में गाड़ी चालक बलराम पुत्र पलविंदर कुमार निवासी गांव नीले वड़े रत्तेवाल, जिला शहीद भगत सिंह नगर ने बताया कि वह शराब को सुच्ची पिंड-2 स्थित लंबा पिंड ग्रुप के एल-2/एल-11ए ठेके से लोड करके सुच्ची पिंड-3 लेकर जा रहा था।
आबकारी विभाग से राय लेने के बाद दर्ज हुआ केस
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्पेशल सेल ने 12 नवंबर 2026 को पत्र नंबर 3055P के माध्यम से सहायक कमिश्नर आबकारी, जालंधर रेंज-1 से कानूनी राय मांगी थी।
आबकारी विभाग की जांच और कानूनी राय के बाद शराब के लाइसेंसधारक अविनाश पपलानी और गाड़ी चालक बलराम के खिलाफ एक्साइज एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, कुणाल सहगल ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई की मांग उठाई है। इस मामले में पुलिस की आगे की जांच महत्वपूर्ण रहेगी।

