जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर में लूट की एक घटना के दौरान पीड़ित की हिम्मत के चलते बाइक सवार दो कथित लुटेरे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। मामला बस्ती अड्डा चौक के पास स्थित HDFC Bank के ATM का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, रामामंडी निवासी गुरदेव सिंह बस्ती अड्डा चौक स्थित HDFC Bank के ATM से पैसे निकालने पहुंचे थे। पहले ATM से पैसे नहीं निकल पाए, जिसके बाद उन्होंने दूसरे ATM से करीब ₹40 हजार नकद निकाले।

यह भी पढ़े:-चितकारा यूनिवर्सिटी में 2 छात्राओं के लापता होने की अफवाह पर हंगामा, पुलिस ने शुरू की जांच
बैग में रखने के दौरान पीछे खड़े दो बाइक सवार युवकों ने उन पर नजर रखी हुई थी। जैसे ही गुरदेव सिंह ATM से बाहर निकले, दोनों युवकों ने कथित तौर पर उनसे नकदी छीन ली और बाइक पर फरार होने लगे।
पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक पर पीछे बैठे एक युवक का हाथ पकड़ लिया और उनका पीछा करने लगा। बस्ती अड्डा चौक के पास भीड़ को देखकर दोनों आरोपी घबरा गए और बाइक का संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर गए। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और मारपीट के बाद पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। जांच अधिकारी ASI जर्मनजीत सिंह के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग बैंकों के करीब 15 ATM कार्ड बरामद हुए हैं। दोनों के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी इससे पहले कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

