जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर के फुटबॉल चौक पर एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। यहां तेज रफ्तार बस ने कई गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीन गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर भारी हंगामा हुआ और सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
जानकारी के मुताबिक, एक कार चालक अपने बेटे को स्कूल छोड़कर घर वापस जा रहा था। इसी दौरान वह फुटबॉल चौक की रेड लाइट पर अपनी गाड़ी लेकर खड़ा था। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उसकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान बस की चपेट में स्विफ्ट कार और ब्रेजा कार भी आ गईं।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बस चालक को काबू कर लिया। वहीं, बस चालक का कहना था कि बस के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चालक की झपकी आने के कारण हादसा हुआ।
घटना के बाद लोगों ने बस चालक से परमिट और लाइसेंस के बारे में पूछताछ की, लेकिन आरोप है कि चालक के पास मौके पर जरूरी दस्तावेज मौजूद नहीं थे। बस चालक ने बताया कि उसने बस मालिक को घटना की सूचना दे दी है।
वहीं, पीड़ित लोगों ने पुलिस को सूचना देने के बावजूद काफी देर तक पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर नाराजगी जताई। हादसे के कारण इलाके में काफी देर तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।
फिलहाल इस हादसे को लेकर बस चालक के दावों और लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच जरूरी है। हादसे में तीन गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है।

