लुधियाना:-(मनदीप कौर)- गोविंद नगर में बीती रात एक गरीब परिवार के घर में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर का घरेलू सामान, कपड़े, बिस्तर और जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए। हादसे के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित परिवार के कमलजीत सिंह ने बताया कि वह एक फैक्ट्री में काम करते हैं, जबकि उनकी पत्नी प्राइवेट नौकरी करती हैं। परिवार गोविंद नगर में किराए के मकान में रहता है और एक कमरे में उनका सामान रखा हुआ था।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11 बजे जब कमलजीत सिंह की पत्नी मनजीत कौर काम से घर लौटीं तो कमरे से धुआं और आग की लपटें निकल रही थीं। उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को बुलाया और आग बुझाने की कोशिश शुरू की। पड़ोसियों ने पाइप की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, तब तक कमरे की छत का कुछ हिस्सा गिर चुका था और घर में रखा टीवी, फ्रिज, कपड़े, बिस्तर समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग की वजह से परिवार के पहचान पत्र समेत कई जरूरी दस्तावेज भी जल गए।
पीड़ित परिवार ने बताया कि वे मजदूरी और नौकरी करके अपना गुजारा करते हैं। आग में घर का लगभग पूरा सामान जल जाने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। परिवार ने प्रशासन और समाजसेवी संस्थाओं से आर्थिक मदद की अपील की है।
कमलजीत सिंह ने बताया कि उनकी इच्छा थी कि इस बार दिवाली के मौके पर किस्तों पर मोटरसाइकिल खरीदें। उन्होंने इसके लिए एडवांस के तौर पर ₹38,000 जमा किए थे, जबकि कुछ और पैसे जोड़कर मोटरसाइकिल खरीदने की योजना थी। लेकिन आग में उनकी जमा पूंजी भी जलकर राख हो गई।
फिलहाल परिवार आग लगने से हुए नुकसान के बाद मदद की उम्मीद लगाए बैठा है।

