जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर सुभानपुर अड्डे के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार एक पुरुष और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जालंधर से अमृतसर की ओर जा रही बाइक को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही सुभानपुर थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया
पुलिस अधिकारी हरजिंदर सिंह ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद तीनों शवों को कब्जे में लिया। शवों को एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल कपूरथला की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतकों के पास से एक पहचान पत्र बरामद हुआ है। इसके आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
बाइक का नंबर अमृतसर का
पुलिस को हादसे में क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल भी मिली है। बाइक का नंबर अमृतसर का बताया जा रहा है। पुलिस पहचान पत्र और बाइक के नंबर के आधार पर मृतकों के परिवार से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल हादसे को अंजाम देने वाला अज्ञात वाहन पुलिस की पकड़ से बाहर है। टक्कर मारने वाले वाहन के चालक के फरार होने की बात सामने आई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक हाईवे के पास स्थित मार्केट में लगे CCTV कैमरों की फुटेज निकलवाई जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस ने अमृतसर पुलिस को भी मामले की जानकारी दी है।
अभी तक मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

