जालंधर -(मनदीप कौर)- और क्राइम के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच जालंधर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जमशेरपुर के डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास पुलिस और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान सुखजिंदर उर्फ प्रिंस, निवासी तरनतारन, के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस ने उसे सरकारी कैमरों की फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया था।

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
बताया जा रहा है कि पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी को हथियार की बरामदगी के लिए जमशेरपुर स्थित डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी।
यह भी पढ़े:-पंजाब के सरकारी शिक्षक 14-15 सितंबर को करेंगे प्रदर्शन, गैर-शैक्षणिक कामों का विरोध
पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान कुल तीन गोलियां चलीं।
आरोपी के कब्जे से पिस्तौल बरामद
पुलिस ने मौके से गोली का खोल बरामद करने के साथ आरोपी के कब्जे से पिस्तौल भी बरामद की है। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और उससे जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है।
फिलहाल घायल आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।

