जालंधर -(मनदीप कौर)- फिल्लौर के पास स्थित गांव दोसांझ कलां में पंजाबी गायक और अभिनेता दलजीत दोसांझ के घर के पास दीवार पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लिखे मिलने से इलाके में हलचल मच गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब डेढ़ बजे चार अज्ञात व्यक्ति कथित तौर पर चेहरा ढककर वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दीवार पर उक्त नारे लिखे और मौके से फरार हो गए। पड़ोसी के अनुसार जिस घर की दीवार पर नारे लिखे गए, वह दलजीत दोसांझ का घर नहीं है और उनका मकान वहां से करीब 100 गज की दूरी पर बताया गया है।

पड़ोसी ने यह भी स्पष्ट किया कि उसका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। पंचायत द्वारा बाद में दीवार पर लिखे नारों को मिटा दिया गया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। डीएसपी भारत मसीह की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और CCTV फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

