जालंधर -(मनदीप कौर)- करीब छह साल पहले मोबाइल लूटकर भाग रहे बदमाशों से अकेले भिड़ने वाली जालंधर की बहादुर बेटी कुसुम को आखिरकार इंसाफ मिल गया है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश परमिंदर सिंह राय की अदालत ने मोबाइल छीनने और उस पर जानलेवा हमला करने के मामले में दोनों दोषियों को 10-10 साल की कैद की सजा सुनाई है।
मामला 30 अगस्त 2020 का है। उस समय कुसुम आठवीं कक्षा में पढ़ती थी और ट्यूशन से घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो लुटेरों ने उसका मोबाइल छीन लिया। कुसुम ने हार नहीं मानी और लुटेरों का पीछा करते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया।

खुद को फंसता देख आरोपी ने धारदार हथियार से कुसुम की कलाई पर वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि उसकी नसें कट गईं और खून बहने लगा। इसके बावजूद कुसुम ने आरोपी को नहीं छोड़ा। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर उसकी मदद की और एक आरोपी को पकड़ लिया।
अब छह साल बाद अदालत ने अविनाश कुमार उर्फ आशू और विनोद कुमार उर्फ झिका को दोषी करार देते हुए 10-10 साल की सजा सुनाई है। रिपोर्ट के अनुसार अविनाश पर 70 हजार रुपये और विनोद पर 75 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
कुसुम की बहादुरी की उस समय पूरे देश में चर्चा हुई थी। बाद में उसे राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

