जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब के जालंधर में मंगलवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। मखदूमपुरा इलाके में प्रॉपर्टी और फाइनेंस का कारोबार करने वाले लक्की ठाकुर उर्फ लक्की खोखा की तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, लक्की खोखा मंगलवार देर शाम अपने घर के पास एक करियाने की दुकान के नजदीक खड़े थे। इसी दौरान तेजधार हथियारों से लैस कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

परिजन गंभीर हालत में लक्की को जालंधर के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान लक्की ठाकुर उर्फ लक्की खोखा, निवासी मखदूमपुरा के रूप में हुई है।
भाई ने शिवसेना नेता के बेटे पर लगाया आरोप
मृतक के भाई मनमोहन ने आरोप लगाया है कि शिवसेना नेता के बेटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। परिवार के अनुसार, लक्की का आरोपित पक्ष के साथ काफी समय से विवाद चल रहा था और इसी पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे के कारणों और परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाली जा रही
घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर 4 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसीपी सेंट्रल ओंकार सिंह बराड़ ने बताया कि पुलिस को इलाके में झगड़े और हमले की सूचना मिली थी। घायल को परिवार द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में तेजधार हथियार से कई चोटें लगने की बात सामने आई है। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश होने की जानकारी भी मिली है। पुलिस परिवार के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
इस वारदात के बाद मखदूमपुरा इलाके में दहशत का माहौल है। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों को कब तक गिरफ्तार करती है और जांच में हत्या के पीछे की असली वजह क्या सामने आती है।

