जालंधर -(मनदीप कौर)- त्योहारी सीजन शुरू होते ही जालंधर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर फूड सेफ्टी विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीम ने किशनपुरा सब्जी मंडी के पास स्थित एक मिठाई की दुकान पर दबिश दी। इस दौरान पनीर और खोए के सैंपल लिए गए हैं।
जांच के दौरान करीब 75 किलो पनीर संदिग्ध पाया गया, जिसके बाद उसे सीज कर दिया गया। विभाग की टीम ने पनीर के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया है।

सुबह 5:30 बजे पहुंची टीम
फूड सेफ्टी विंग की टीम ने विशेष अभियान के तहत सुबह करीब 5:30 बजे कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों के अनुसार पहले एक वाहन को रोककर जांच की गई। इसके बाद दो मिठाई की दुकानों पर खाद्य पदार्थों की जांच की गई।
यह भी पढ़े -जालंधर-अमृतसर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार 3 लोगों की मौत; आरोपी वाहन की तलाश
विभाग की टीम ने मिठाई की दुकान से पनीर और खोए के सैंपल लिए। अब इन सैंपल की लैब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
रिपोर्ट में कमी मिली तो होगी कार्रवाई
फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यदि लैब जांच में पनीर की गुणवत्ता में कमी या कोई खामी सामने आती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना है। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री के साथ उचित बिल रखने की हिदायत भी दी है।
दूसरे जिलों से आने वाले पनीर पर भी नजर
जांच के दौरान विभाग को यह भी पता चला कि संबंधित दुकान पर दूसरे जिले से पनीर मंगवाया गया था, लेकिन उसका बिल मौके पर नहीं मिला। विभाग ने सभी दुकानदारों को खाद्य पदार्थ खरीदते समय बिल जरूर लेने की हिदायत दी है।
फूड सेफ्टी विभाग ने संकेत दिया है कि त्योहारी सीजन के दौरान दुकानों, रेस्टोरेंट और होटलों में खाद्य पदार्थों की जांच लगातार जारी रहेगी।

