फिरोजपुर -(मनदीप कौर)- पंजाब के फिरोजपुर में लगातार सरकारी इमारतों और निजी स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। इन ई-मेल में इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी दी जा रही है। इसी बीच फिरोजपुर जिला अदालत को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गए हैं।
धमकी मिलने के बाद न्यायिक अधिकारियों, वकीलों और कर्मचारियों को कोर्ट कॉम्प्लेक्स की इमारत में प्रवेश करने से रोक दिया गया। पुलिस को इसकी सूचना दी गई और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को सील कर दिया गया।

डॉग स्क्वायड ने की जांच
पुलिस की टीम ने कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान शुरू किया। मौके पर डॉग स्क्वायड टीम भी पहुंची और इमारत को खाली करवाकर गहन जांच की गई।
फिलहाल पुलिस की जांच में परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद होने की जानकारी नहीं मिली है। पुलिस धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।
पंजाब में पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
बताया जा रहा है कि पंजाब में सरकारी इमारतों और निजी स्कूलों को इस तरह के धमकी भरे ई-मेल मिलने के मामले सामने आते रहे हैं। हालांकि, अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए ई-मेल की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी किसने और किस मकसद से भेजी।

