जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (SFJ) से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों पर शहर में खालिस्तान समर्थक नारे लिखने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखप्रीत सिंह और राजदीप सिंह निवासी निहालुवाल के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और उनके खिलाफ पहले से अलग-अलग मामले दर्ज हैं।

पुलिस जांच के अनुसार 29 सितंबर 2026 को रेड क्रॉस भवन की दीवार पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे हुए पाए गए थे। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की जांच डीसीपी सिटी आदित्य वारियर और डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों की निगरानी में की गई।
पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान दोनों संदिग्धों की पहचान हुई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ में 14-15 सितंबर को होशियारपुर के चब्बेवाल के पास बैरियां कलां गांव में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने के मामले से जुड़े कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।
इस मामले में चब्बेवाल पुलिस स्टेशन में BNS की धारा 298 के तहत पहले ही FIR दर्ज है। इसके अलावा जालंधर के डिवीजन नंबर 6 में भी विभिन्न धाराओं और IT Act के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने की तैयारी की है। पुलिस रिमांड लेकर आरोपियों से पूछताछ के जरिए इस पूरी साजिश से जुड़े अन्य लोगों और संभावित कनेक्शन का पता लगाने की कोशिश की जाएगी।

