जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम को बड़ी कामयाबी मिलने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, जालंधर की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने मुंबई ATS के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मंड संधू मर्डर केस के मुख्य आरोपी जोबनप्रीत को मुंबई से गिरफ्तार किया है।
आरोपी के पास से हथियार और कारतूस बरामद

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से 3 पिस्तौल, 5 मैगजीन और 11 कारतूस बरामद किए गए हैं। इस बरामदगी को मामले की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विदेश में बैठे हैंडलर्स से संपर्क की जांच
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलर्स के कहने पर शूटरों तक हथियार पहुंचाने, फंडिंग और लॉजिस्टिकल सहायता देने में भूमिका निभा रहा था।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी ने तरनतारन जिले में रंगदारी से जुड़ी फायरिंग की तीन घटनाओं में अपनी भागीदारी स्वीकार की है। पुलिस इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके आगे-पीछे के संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आ सकते हैं अहम खुलासे
जांच एजेंसियां कथित हथियार सप्लाई नेटवर्क, फंडिंग और विदेश में बैठे संपर्कों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। मामले में आगे की जांच के बाद और जानकारी सामने आने की संभावना है।

