जालंधर -(मनदीप कौर)- फगवाड़ा गेट मार्केट में पुलिस की कार्रवाई के बाद जेल भेजे गए मोनू की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां वह इमरजेंसी वार्ड के बाहर अचानक बेहोश होकर गिर गया। घटना के बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले थाना नंबर-3 की पुलिस ने फगवाड़ा गेट मार्केट स्थित एक घर पर रेड की थी। इस दौरान मोनू समेत 14 युवकों को हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने आरोपियों का सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाया, जिसके बाद 13 युवकों को जेल भेज दिया गया। मोनू ने उस समय तबीयत खराब होने की बात कही थी, जिसके चलते उसे दो दिन बाद जेल भेजा गया।

बताया जा रहा है कि जेल में दो दिन रहने के बाद मोनू की तबीयत फिर बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर आई। अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड के बाहर वह अचानक बेहोश होकर गिर गया। सामने आई जानकारी के अनुसार, उसका शुगर लेवल कम होने के कारण तबीयत बिगड़ने की बात कही जा रही है। बाद में उसे दूसरे अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया।
घटना के दौरान अस्पताल परिसर में काफी हलचल देखने को मिली। फिलहाल मोनू की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

