जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर के मकदूमपुरा इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दुकान में घुसकर तेजधार हथियारों से हमला करने के बाद दुकानदार लक्की ठाकुर उर्फ लक्की खोखा की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मामले में एसीपी ओंकार बराड़ की कार्रवाई के बाद पुलिस ने शिवसेना नेता नरेंद्र थापर के बेटे राम कृष्ण, रितिक, मंथन बजाज, दीपक राणा, रंजम थापर समेत कुल 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देर रात तक छापेमारी की, लेकिन खबर लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। एसीपी का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नशे को लेकर विवाद बना हत्या की वजह?
बताया जा रहा है कि लक्की ठाकुर उर्फ लक्की खोखा के भाई ने आरोप लगाया था कि कुछ लोग उसके बेटे को नशे की लत में धकेल रहे थे। इस संबंध में लक्की ने पुलिस को शिकायत भी दी थी।
परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बाद आरोपियों ने उसके बेटे को नशे से दूर रखने की बजाय लक्की ठाकुर की ही हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

