जालंधर -(मनदीप कौर)- महानगर के देओल नगर इलाके में गैस सिलेंडर चोरी करने पहुंचे दो संदिग्धों को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी एक मकान में घुसकर गैस सिलेंडर चोरी करने की कोशिश कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, घर के मालिक का परिवार कुत्ते को घुमाने के लिए बाहर गया हुआ था। इसी दौरान घर का मुख्य दरवाजा थोड़ा खुला रह गया। आरोप है कि नशे के आदी दो चोर इसी मौके का फायदा उठाकर घर के अंदर दाखिल हो गए।

पहले सिलेंडर को छिपाया, फिर दोबारा पहुंचे
आरोपियों ने कथित तौर पर रसोई में रखा पहला गैस सिलेंडर निकालकर कहीं छिपा दिया। इसके बाद वे दोबारा घर में पहुंचे और दूसरा सिलेंडर लेकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगे।
इसी दौरान मकान मालिक वापस घर पहुंच गया। उसे घर और आसपास संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। जब उसने दोनों युवकों को सिलेंडर लेकर बाहर निकलते देखा तो शोर मचा दिया।
लोगों ने दोनों को घेरकर पकड़ा
मकान मालिक की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने दोनों संदिग्धों को चारों तरफ से घेर लिया और उन्हें पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी जिस स्कूटी पर चोरी का सामान ले जाने की तैयारी में थे, उस पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। तलाशी के दौरान स्कूटी से कागजात और अन्य सामान भी बरामद होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
स्थानीय लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़ने के बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इलाके में पिछले कुछ दिनों से चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ी हुई है। ऐसे में दिनदहाड़े घर में घुसकर चोरी की कोशिश ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।

