जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर में कार चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। ताजा मामला पांश इलाके के जेपी नगर से सामने आया है, जहां देर रात चोरों ने एक आई-20 कार को निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि, आसपास के लोगों की सतर्कता के चलते आरोपी कार लेकर जाने में सफल नहीं हो सके।
जानकारी के अनुसार सब्जी मंडी के व्यापारी अमित ने बताया कि वह रोजाना की तरह अपनी कार घर के बाहर पार्क करते हैं। देर रात करीब 2 बजे पड़ोसियों का फोन आया कि उनकी कार में चोर घुस गए हैं।

शीशा तोड़कर कार ले जाने की कोशिश
घटना के दौरान कार के शीशे को तोड़ दिया गया। बताया गया कि तीन संदिग्ध कार के आसपास मौजूद थे। इनमें से दो कार के अंदर बैठे हुए थे, जबकि तीसरा व्यक्ति बाहर था।
यह भी पढ़े:-गोराया-फिल्लौर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, खड़े टिपर से टकराई कार; बुजुर्ग महिला की मौत
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज के मुताबिक आरोपी करीब 10 मिनट तक आपस में बातचीत करते रहे। इसके बाद उन्होंने कार को स्टार्ट करने और उसे ले जाने की कोशिश की, लेकिन कार स्टार्ट नहीं हुई।
इसी दौरान आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा होने लगे। लोगों की आवाज सुनकर आरोपी कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस कार्रवाई में देरी का आरोप
पीड़ित के अनुसार घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई थी। उनका कहना है कि मौके पर पुलिसकर्मी पहुंचे थे और सुबह कार्रवाई करने की बात कहकर चले गए। इसके बाद दोपहर तक पुलिस टीम के मौके पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया गया।
पीड़ित ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों की कार का नंबर भी दिखाई दे रहा है। वहीं पुलिस की ओर से फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और घटना को लेकर अलग-अलग तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।

