अमृतसर:-(मनदीप कौर)- छेहरटा इलाके में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग से जुड़े 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जवाबी फायरिंग में 3 आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से कुल 5 पिस्तौल और 20 कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

यह भी पढ़े:-दशहरा ग्राउंड में नशा करते युवकों की लोगों ने की धुनाई, वीडियो वायरल
पुलिस कमिश्नर हरमनवीर सिंह गिल के अनुसार पुलिस को आरोपियों के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद छेहरटा थाना प्रभारी की अगुवाई में इलाके में नाकाबंदी की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने सबसे पहले विशाल नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .30 बोर की ग्लॉक पिस्तौल बरामद होने की बात पुलिस ने कही।
पूछताछ के दौरान विशाल ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसके कुछ साथी थांडा रोड के पास झाड़ियों और जंगलनुमा इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को लाउडस्पीकर के जरिए सरेंडर करने की अपील की गई, लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी में तीन आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हुए।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और हथियारों की सप्लाई चेन तथा उनके अन्य साथियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर ने युवाओं से अपील की है कि वे अपराध की राह छोड़कर कानून का पालन करें। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

