अमृतसर -(मनदीप कौर)- पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में नशा तस्करी और हथियारों के खिलाफ सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने बड़ी कार्रवाई की है। अमृतसर के ग्रामीण क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान 5 किलो 152 ग्राम हेरोइन, एक ड्रोन और 100 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी पुलिस के कब्जे में आए हैं।
जानकारी के मुताबिक, BSF की बीओपी फतेहपुर की टीम ने गांव अवाण लखा सिंह के इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 5 किलो 152 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। तलाशी के दौरान एक वीवो मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी मिला। इस मामले में थाना भिंडी सैदा में मुकदमा नंबर 181 दर्ज किया गया है। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई में BSF की बीओपी शेरपुर की टीम ने अपने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान एक ड्रोन, एल्युमिनियम स्ट्रिप और 9 एमएम के 100 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में थाना भिंडी सैदा में मुकदमा नंबर 182 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड के आधार पर मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हेरोइन, ड्रोन और कारतूस यहां किसने पहुंचाए थे और इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

