पटियाला -(मनदीप कौर)- पटियाला में मामूली बहस के बाद खूनी वारदात सामने आई है। न्यू मोती बाग इलाके में दो दोस्तों के बीच हुई कहासुनी के दौरान एक युवक ने दूसरे के पेट में गोली मार दी। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पटियाला के न्यू मोती बाग इलाके में देर रात हुई इस वारदात में मृतक की पहचान रतन शर्मा उर्फ नाशू, पुत्र नरेश शर्मा, निवासी कृष्णा गली, नाभा गेट, पटियाला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रतन शर्मा की करीब 5 साल पहले शादी हुई थी और उसका 4 साल का बेटा भी है।

परिजनों के अनुसार, आरोपी की पहचान चमकौर सिंह के रूप में हुई है, जो गांव चुघा का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद परिवार की ओर से थाना सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, रतन शर्मा और चमकौर सिंह दोनों दोस्त थे और बीती रात एक साथ मौजूद थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर मामूली बहस हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान चमकौर सिंह ने पिस्तौल निकालकर रतन शर्मा के पेट में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
गोली लगने से रतन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और मृत घोषित कर दिया।
मामले की जांच कर रही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चमकौर सिंह को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर जसप्रीत सिंह कहलों ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि मामले की आगे जांच की जा सके।
पुलिस इस वारदात के पीछे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

