जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर के दोमोरिया पुल पर तेज रफ्तार कार और ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी हंगामा देखने को मिला। कार चालक का कहना था कि वह अपनी सही दिशा में जा रहा था, जबकि ऑटो चालक गलत दिशा से आ रहा था। वहीं, ऑटो चालक ने आरोप लगाया कि कार चालक की तेज रफ्तार के कारण टक्कर हुई।

यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-rakesh-kumar-kidnapping-70-thousand-dollar-ransom/
ऑटो चालक रिंकू ने दावा किया कि वह गलती से दूसरी साइड की ओर चला गया था। वहीं कार चालक की ओर से आरोप लगाया गया कि ऑटो चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। कार चालक ने अपने वाहन को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान होने की बात कही।
हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और हंगामा होता रहा। कार चालक ने कहा कि यदि दोनों पक्षों में समझौता नहीं होता तो पुलिस को घटना की सूचना दी जाएगी। हालांकि, काफी देर तक चले हंगामे के बावजूद किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को शिकायत नहीं दी गई।
फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से हुए नुकसान की भरपाई को लेकर बातचीत की जा रही है।

