जालंधर/अमृतसर-(मनदीप कौर)- पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) जालंधर रेंज ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने अमृतसर निवासी एक आरोपी को 1 किलो 536 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक हीरो डेस्टिनी स्कूटी भी बरामद की है।
नाकाबंदी के दौरान दबोचा गया आरोपी
एएनटीएफ जालंधर रेंज की एआईजी वरसला गुप्ता (IPS) के अनुसार टीम ने अमृतसर बाईपास पर इंडिया गेट के आगे बिजली ग्रिड के पास नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान पुलिस ने अमनदीप शर्मा उर्फ डॉन, निवासी गली नंबर-9, आजाद नगर, छेहरटा (अमृतसर) को रोककर तलाशी ली।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/punjab-government-action-14-hospitals-sarvodaya-hospital-jalandhar-health-scheme/
तलाशी के दौरान उसकी स्कूटी PB-02-FG-4276 से 1 किलो 536 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
मोहाली में दर्ज हुआ मामला
इस संबंध में एएसआई मनजीत सिंह की शिकायत पर थाना एएनटीएफ, एसएएस नगर (मोहाली) में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 10वीं पास है और पहले कपड़ों का कारोबार करता था। पुलिस के अनुसार जल्दी पैसा कमाने और महंगे शौक पूरे करने के लालच में वह नशा तस्करी के धंधे में शामिल हो गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके पूरे ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

