जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर में 80 पेटी शराब बरामद होने के मामले में आबकारी विभाग की कानूनी रिपोर्ट सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। विभाग ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि शराब की बोतलों से होलोग्राम और बैच नंबर मिटाकर एक ठेके से दूसरे ठेके तक बिना परमिट शराब ले जाना आबकारी नियमों का उल्लंघन है। इस मामले में संबंधित लाइसेंस धारक के खिलाफ पंजाब आबकारी एक्ट 1914 के तहत कानूनी कार्रवाई करने की सिफारिश की गई है।
जानकारी के अनुसार, जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के स्पेशल सेल की टीम ने कुछ समय पहले कार्रवाई करते हुए 80 पेटी ‘पंजाब किंग’ मार्का शराब बरामद की थी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब ले जा रहे बलराम पुत्र पलविंदर कुमार निवासी गांव नीले वाड़े रत्तेवाल को काबू किया था।

सुच्ची पिंड-2 से सुच्ची पिंड-3 ले जाई जा रही थी शराब
पुलिस जांच में सामने आया कि शराब की ये 80 पेटियां सुच्ची पिंड-2 स्थित लम्मा पिंड ग्रुप के ठेके से लोड की गई थीं और इन्हें सुच्ची पिंड-3 के ठेके पर पहुंचाया जाना था। पुलिस ने सफेद रंग की टाटा मैक्स पिकअप गाड़ी नंबर PB-07-CG-2081 सहित शराब को अपने कब्जे में लिया था।
जांच के दौरान शराब की पेटियों और बोतलों पर लगे होलोग्राम तथा बैच नंबर मिटे हुए पाए गए। इसके बाद मामले में आबकारी विभाग से कानूनी राय मांगी गई थी।
आबकारी विभाग ने नियमों के उल्लंघन की पुष्टि की
सहायक आबकारी कमिश्नर, जालंधर रेंज-1 के कार्यालय ने स्पेशल सेल के इंचार्ज द्वारा भेजे गए पत्र के जवाब में अपनी कानूनी रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब आबकारी एक्ट 1914 और संबंधित नियमों के तहत कोई भी लाइसेंस धारक बिना वैध परमिट या पास के एक शराब ठेके से दूसरे ठेके तक थोक में शराब की सप्लाई नहीं कर सकता।
इसके अलावा, शराब की बोतलों के लेबल, कैप्सूल, होलोग्राम या बैच नंबर के साथ छेड़छाड़ करना पंजाब लिकर लाइसेंस रूल्स 1956 के नियम 37(23) का उल्लंघन है।
ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सिफारिश
आबकारी विभाग ने अपनी रिपोर्ट में पंजाब इंटॉक्सिकेंट लाइसेंस एंड सेल्स ऑर्डर 1956 के ऑर्डर-1 का भी हवाला दिया है। इसके तहत शराब की खुदरा बिक्री और सप्लाई से जुड़े नियम निर्धारित किए गए हैं।
विभाग का कहना है कि मामले में सामने आए उल्लंघनों को देखते हुए संबंधित लाइसेंस धारक के खिलाफ पंजाब आबकारी एक्ट 1914 के तहत बनती कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
अब आबकारी विभाग की कानूनी राय मिलने के बाद पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। यह मामला जालंधर में शराब ठेकों के संचालन और सप्लाई व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

