Jalandhar-(मनदीप कौर)- शहर के व्यस्त कपूरथला चौक के पास शुक्रवार सुबह एक कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना तेज था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार सड़क के बीचों-बीच खड़ी हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी भी होती रही।
पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों वाहन कब्जे में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने सड़क से वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
समझौता नहीं होने पर होगी कानूनी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराई गई। यदि दोनों पक्ष आपसी सहमति से समझौता कर लेते हैं तो उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं समझौता नहीं होने की स्थिति में दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

