जालंधर:-(मनदीप कौर)- लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुई हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश अपूर्व मेहरा निवासी राजस्थान और आदित्य निवासी हाजीपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को वाहनों में तोड़फोड़ के मामले में गिरफ्तार किया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले में और जानकारी साझा कर सकती है।

यह भी पढ़े:-नवांशहर में पलटी हिमाचल वोल्वो बस, 3 लोगों की मौत; 25 यात्री थे सवार
बताया जा रहा है कि इससे पहले पुलिस इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि करीब 20 लोगों को नामजद किया जा चुका है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।
हिंसा के दौरान छात्रों पर पुलिस और मीडिया पर पथराव करने के आरोप भी सामने आए थे। इसके अलावा कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई और कुछ वाहनों को आग के हवाले किए जाने की बात भी सामने आई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे लोगों को हटाया था।
पुलिस ने मामले में थाना सतनामपुरा में FIR 163 और थाना सदर फगवाड़ा में FIR 106 दर्ज की है। SIT द्वारा सोशल मीडिया, न्यूज चैनलों और LPU समेत अन्य स्थानों की CCTV फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
इससे पहले हिंसा के दौरान यूनिवर्सिटी परिसर के बाहर स्थापित MiG-23UM फाइटर जेट पर चढ़े एक युवक को भी पुलिस ने हिमाचल के मंडी से गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी नाबालिग और यूनिवर्सिटी का छात्र है। उसके पिता मंडी के DC ऑफिस में बतौर अधिकारी तैनात हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और CCTV फुटेज तथा अन्य सबूतों के आधार पर आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

