फरीदाबाद:-(मनदीप कौर)- हरियाणा के फरीदाबाद में खेलने को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। सेक्टर-56 में 15 साल के किशोर ने कथित तौर पर 13 वर्षीय बच्चे की छाती में चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद नाबालिग आरोपी चाकू लेकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-56 आशियाना फ्लैट में रहने वाला 13 वर्षीय कनू एक निजी स्कूल में तीसरी कक्षा का छात्र था। रविवार शाम करीब 7 बजे वह ब्लॉक नंबर-14 में घर के बाहर अपनी एक साल की बहन के साथ खेल रहा था। इसी दौरान ब्लॉक नंबर-13 में रहने वाला 15 वर्षीय किशोर वहां पहुंचा और दोनों बच्चे साथ खेलने लगे।

यह भी पढ़े:- हिंसा मामले में 2 और गिरफ्तार, अब तक 11 आरोपी दबोचे; 20 नामजद
बताया जा रहा है कि खेलते समय दोनों के बीच धक्का-मुक्की और कहासुनी हो गई। इसी दौरान आरोपी किशोर ने कथित तौर पर चाकू निकालकर कनू की छाती में वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजन घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मामले की सूचना दी गई, जिसके बाद सेक्टर-58 थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मृतक कनू के चाचा इकबाल ने बताया कि कनू तीसरी कक्षा में पढ़ता था और आरोपी भी उसी स्थान पर अक्सर खेलने के लिए आता था।
पुलिस के अनुसार, कनू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस घटना के कारणों और आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर की जाएगी।
मृतक के पिता मूल रूप से अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए गए हैं और पिछले कई वर्षों से फरीदाबाद में रह रहे हैं। परिवार के मुताबिक उनका बड़ा बेटा आमिर है, जिसकी शादी दिवाली के बाद होने वाली है।

