जालंधर -(मनदीप कौर)- लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में सितंबर के अंत में हुए हिंसक प्रदर्शन और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस का एक्शन लगातार जारी है। पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है।
27 और 28 सितंबर की रात LPU कैंपस में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क गई थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस से झड़प, वाहनों में आगजनी, तोड़फोड़ और जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे पर जाम लगाने की घटनाएं सामने आई थीं।

पुलिस के मुताबिक मामले में कई FIR दर्ज की गई हैं और CCTV फुटेज समेत डिजिटल सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इस मामले में सामने आए कथित यौन उत्पीड़न के दावे की भी जांच जारी है। LPU प्रशासन ने इस दावे को अफवाह और निराधार बताया था, जबकि पुलिस ने मामले की जांच के लिए SIT गठित की थी।

