अमृतसर:-(मनदीप कौर)- सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मद संधू उर्फ मधुसूदन संधू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या को अंजाम देने वाले हमलावरों का इन संदिग्धों से क्या संबंध है।
पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के अनुसार, जांच में सुपारी देकर हत्या करवाने का एंगल सामने आया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या हमलावरों को पैसे देकर मद संधू की हत्या करवाई गई और अगर ऐसा हुआ तो इसके पीछे किसका हाथ था। साथ ही कथित गैंगस्टर कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।

मद संधू की 3 अक्टूबर को अमृतसर के लोहड़का रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह अपनी गाड़ी धुलवाने के लिए कार वॉश सेंटर के पास मौजूद थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक हमलावर मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने मामले में CCTV फुटेज और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच भी की है। फिलहाल हिरासत में लिए गए दोनों लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस ने कहा है कि जांच प्रभावित न हो, इसलिए कुछ अहम जानकारियां फिलहाल साझा नहीं की जा रही हैं।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि अब तक किसी चरमपंथी या रेडिकल संगठन का एंगल सामने नहीं आया है। जांच फिलहाल आपराधिक साजिश और संभावित सुपारी किलिंग के एंगल पर केंद्रित है।

