जालंधर -(मनदीप कौर)- कैंट के मोहल्ला नंबर-8 स्थित प्रकृति अस्पताल में डिलीवरी के लिए पहुंची महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान रिंपी के रूप में हुई है। महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, रिंपी पिछले करीब 9 महीनों से अस्पताल में इलाज करवा रही थी। परिजनों के मुताबिक, बीती रात वह डिलीवरी के लिए प्रकृति अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टर महिला को डिलीवरी के लिए ऑपरेशन थिएटर में ले गए।

महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इलाज के दौरान महिला को गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया।
सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इसके बाद एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि मोहल्ला नंबर-8 स्थित प्रकृति अस्पताल में डिलीवरी के दौरान महिला की मौत हो गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, परिजनों की शिकायत के आधार पर अस्पताल के दो डॉक्टरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

