जालंधर -(मनदीप कौर)- अटारी बाजार और कैंची बाजार में सीवरेज की समस्या को लेकर दुकानदारों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। दुकानदारों का कहना है कि पिछले काफी समय से सीवरेज की समस्या बनी हुई है और अब त्योहारी सीजन में हालात और परेशानी बढ़ा रहे हैं।
दुकानदारों के मुताबिक सीवरेज बंद होने के कारण सड़कों पर गंदा पानी जमा हो जाता है, जिससे ग्राहकों को बाजार तक पहुंचने में परेशानी होती है और इसका सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि समस्या की शिकायत नगर निगम अधिकारियों से कई बार की जा चुकी है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ।

मामले की जानकारी मिलने पर पार्षद शैरी चड्ढा बाजार पहुंचे और दुकानदारों से उनकी समस्या सुनी। दुकानदारों ने मांग की कि बाजार में नियमित सफाई करवाई जाए और सीवरेज व्यवस्था को जल्द दुरुस्त किया जाए।
दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि अगर आज शाम तक समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे अगले दिन सुबह करीब 10 बजे दुकानें बंद कर नगर निगम कार्यालय के बाहर धरना देंगे। दुकानदारों का कहना है कि वे व्यापारी हैं, मछली पकड़ने वाले नहीं, इसलिए बाजार में गंदे पानी की समस्या के कारण उनका कारोबार प्रभावित नहीं होना चाहिए।
त्योहारी सीजन को देखते हुए दुकानदारों ने नगर निगम से जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

