जालंधर -(मनदीप कौर)- कपूरथला चौक स्थित सत्यम अस्पताल में 7 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद देर रात परिजनों ने हंगामा किया। परिवार ने अस्पताल के डॉक्टरों और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच और इंसाफ की मांग की।
जानकारी के मुताबिक बच्चा सोमवार को छत से गिर गया था। हादसे में उसके सिर पर चोट लगी थी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे सत्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

परिवार ने स्टाफ पर लगाए आरोप
मृतक बच्चे के पिता शमशेर के मुताबिक उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। परिवार का आरोप है कि अस्पताल में बच्चे को भर्ती करने के बाद स्टाफ की ओर से शुरुआत से ही पैसों की मांग की जाती रही।
यह भी पढ़े: जालंधर में एक्साइज विभाग की 3 जगहों पर दबिश, संदिग्ध शराब की बोतलें बरामद
परिजनों का यह भी आरोप है कि बच्चे की हालत के बारे में उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई। परिवार के अनुसार जब उन्होंने बच्चे से मिलने की कोशिश की तो उन्हें अलग-अलग समय देकर इंतजार करवाया गया।
परिजनों का दावा है कि जब वे बच्चे को देखने के लिए अंदर पहुंचे तो उन्हें उसकी मौत हो जाने का पता चला।
दवाइयों और टेस्ट के नाम पर पैसे लेने का आरोप
परिवार का आरोप है कि बच्चे के इलाज के दौरान कभी दवाइयों तो कभी टेस्ट के नाम पर उनसे पैसे जमा करवाए गए, लेकिन बच्चे की वास्तविक स्थिति के बारे में उन्हें पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि यदि अस्पताल प्रशासन उन्हें समय रहते बच्चे की गंभीर स्थिति के बारे में जानकारी देता या डिस्चार्ज कर देता, तो वे बच्चे को किसी दूसरे अस्पताल में ले जा सकते थे।
परिवार के मुताबिक मृतक बच्चा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं।
112 पर शिकायत के बाद पुलिस पहुंची
मामले की शिकायत 112 नंबर पर मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दोनों पक्षों से बातचीत की।
थाना डिवीजन नंबर 2 की SHO अनु के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चे की मौत के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
परिवार ने मांगा इंसाफ
घटना के बाद पीड़ित परिवार अस्पताल के बाहर बैठकर इंसाफ की मांग करता रहा। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

