जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर-पठानकोट रोड स्थित गांव राऊवाली में देर रात लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, आधा दर्जन से ज्यादा लुटेरे एक घर में घुसे और वहां मौजूद महिला को बंधक बनाकर घर से करीब 5 लाख रुपये नकद और 22 तोले सोना लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि वारदात से करीब एक घंटे पहले कुछ लुटेरों ने इलाके की एक अन्य कोठी में घुसने की कोशिश की थी। वहां प्रवासियों द्वारा शोर मचाए जाने के कारण वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके।

इसके बाद इलाके के लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। हालांकि, कुछ समय बाद लुटेरों ने पास के एक अन्य घर को निशाना बना लिया।
महिला को बनाया बंधक
जानकारी के मुताबिक, लुटेरों ने घर में मौजूद महिला को बंधक बनाया और इसके बाद घर में रखी नकदी तथा सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में डर का माहौल है।
CCTV में कैद हुई वारदात
घटना से जुड़े CCTV फुटेज भी सामने आने की बात कही जा रही है। फुटेज में कथित तौर पर कुछ संदिग्ध घर में दाखिल होने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। वारदात के बाद घर का सामान भी बिखरा हुआ मिला।
थाना मकसूदां की पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

