मोहाली-(मनदीप कौर)- पंजाब के मोहाली में 17 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खरड़ के केंद्रीय विहार-2 के पास 200 फुट रोड पर कुछ युवकों ने पहले यश पर हमला किया और फिर उसे कार से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल यश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अनिल कुमार के बेटे यश (17) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, यश ने हाल ही में दसवीं कक्षा की परीक्षा पास की थी और आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रहा था।

दुकान पर दोस्तों के साथ मौजूद था यश
मृतक के पिता अनिल कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि यश रात को अपने कुछ दोस्तों के साथ घर के पास एक दुकान पर खाने-पीने के लिए बैठा था। इसी दौरान कार में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और आते ही यश पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों के पास धारदार हथियार भी थे।
हमले के दौरान यश अपनी जान बचाने के लिए दोस्तों के साथ स्कूटर पर वहां से भागने लगा। इसी बीच कार सवार युवकों ने उनका पीछा किया और स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे सभी सड़क पर गिर गए।
कार से कुचलने का आरोप
परिजनों के आरोप के मुताबिक, इसके बाद कार चालक ने गाड़ी पीछे की और जान से मारने की नीयत से यश के ऊपर कार चढ़ा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।
यश के दोस्तों ने उसे मोहाली के फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लड़की को लेकर पुरानी रंजिश का शक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। आरोप है कि हमलावरों में से एक युवक का किसी लड़की से संपर्क था, जिसे लेकर कुछ दिन पहले यश के साथ उसका विवाद हुआ था। इसी विवाद का बदला लेने के लिए हमले को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है।
खरड़ पुलिस ने मामले में एक पहचान वाले युवक और तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।

