नई दिल्ली -(ब्यूरो रिपोर्ट)- दिल्ली के मोती नगर इलाके के शाहपुरा में शनिवार तड़के एक दो मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर में अचानक आग लग गई। आग के दौरान घर में रखे घरेलू LPG सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, मकान में आग लगने की सूचना करीब 3:25 बजे मिली। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। आग ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। इसी दौरान घर में रखा LPG सिलेंडर आग की चपेट में आ गया और तेज धमाका हुआ।

सिलेंडर में विस्फोट के बाद दमकल कर्मियों ने मकान के अंदर और आसपास के हिस्सों की भी जांच की। करीब 4:30 बजे एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई। मृतक की पहचान को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि ग्राउंड फ्लोर पर आग किन परिस्थितियों में लगी और उसके बाद LPG सिलेंडर किस वजह से ब्लास्ट हुआ। मामले की जांच जारी है।

