जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर के अशोक नगर स्थित गुरुद्वारा साहिब में सेवा के लिए पहुंचे एक व्यक्ति द्वारा परिसर में बीड़ी पीने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य संबंधित व्यक्ति से पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित व्यक्ति की पहचान किरपाल सिंह निवासी राजपुरा, पटियाला के रूप में बताई गई है। पूछताछ के दौरान उसने गुरुद्वारा परिसर में बीड़ी पीने की बात स्वीकार की।

बैग और मोबाइल फोन की हुई जांच
वीडियो में कमेटी के सदस्यों द्वारा उसके बैग और मोबाइल फोन की जांच किए जाने की बात सामने आती है। जांच के दौरान बैग से बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू और कुछ आपत्तिजनक वीडियो मिलने का दावा किया गया है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/firozpur-court-bomb-threat-punjab-police-search-operation/
पूछताछ के दौरान किरपाल सिंह से यह भी पूछा गया कि क्या उससे यह बयान किसी दबाव में दिलवाया जा रहा है। इस पर उसने स्पष्ट किया कि उस पर किसी तरह का दबाव नहीं है और उसने अपनी इच्छा से यह बात लिखी है।
भविष्य में गुरुद्वारा साहिब में सेवा न करने की बात लिखवाई
जानकारी के अनुसार, पूछताछ के बाद उससे कागज पर अपनी गलती लिखवाई गई। साथ ही उससे भविष्य में किसी गुरुद्वारा साहिब में सेवा या ड्यूटी नहीं करने की बात भी लिखवाई गई।
किरपाल सिंह ने गुरुद्वारा साहिब और संगत के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की बात कही। बताया गया है कि उसका मोबाइल फोन, पावर बैंक और अन्य सामान वापस कर दिया गया तथा उसके पिता से भी फोन पर बात करवाई गई।
वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने गुरुद्वारा प्रबंधकों से अपील की कि यदि किरपाल सिंह भविष्य में किसी गुरुद्वारा साहिब में सेवा के लिए पहुंचे तो उसे ड्यूटी पर न रखा जाए। फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

