Jalandhar -( मनदीप कौर)- शहर के बस्ती गुज़ा इलाके में एक सैलून पर ग्राहक और सैलून मालिक के बीच विवाद का मामला सामने आया है, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई और हमले तक पहुंच गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित युवक तरुण कुमार के अनुसार, वह बाल कटवाने के लिए एक VIP सैलून पर गया था। उस समय सैलून कर्मियों ने व्यस्तता का हवाला देते हुए उसे बाद में आने के लिए कहा। तरुण जब कुछ समय बाद दोबारा सैलून पहुंचा, तो आरोप है कि सैलून मालिकों ने उसकी कटिंग करने से मना कर दिया।
इसके बाद तरुण पास के किसी दूसरे सैलून में चला गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर सैलून मालिकों ने उसे फोन कर गाली-गलौज की।
विवाद कैसे बढ़ा?
तरुण का कहना है कि वह अपने कुछ दोस्तों के साथ दोबारा VIP सैलून पर बात करने के लिए गया था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि सैलून मालिकों ने वहां पड़े उस्तरे से उस पर हमला कर दिया।
हमले में घायल तरुण को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे टांके लगवाने पड़े।
सैलून मालिकों का पक्ष
वहीं दूसरी ओर सैलून मालिकों का कहना है कि तरुण अपने साथियों के साथ सैलून में तोड़फोड़ करने के इरादे से आया था। उनका आरोप है कि स्थिति को बिगाड़ने की शुरुआत तरुण की तरफ से हुई।
पीड़ित का जवाब
तरुण कुमार ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उसका कहना है कि अगर वह हमला करने आता, तो किसी प्रकार का हथियार साथ लेकर आता, जबकि उसके पास ऐसा कुछ भी नहीं था।
CCTV फुटेज बनेगा सबूत
तरुण का दावा है कि पूरी घटना सैलून में लगे CCTV कैमरों में कैद हो चुकी है। उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।
पुलिस जांच जारी
अब पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर जांच करेगी और यह स्पष्ट करेगी कि घटना में कौन दोषी है और किसका पक्ष सही है।

