जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को संसद की कृषि, पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण संबंधी स्थायी समिति का लगातार तीसरी बार अध्यक्ष बनाया गया है। नई कमेटी के गठन के बाद चन्नी ने इस जिम्मेदारी के लिए कांग्रेस आलाकमान का धन्यवाद किया।
चन्नी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का आभार जताते हुए कहा कि वह संसद में किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरी ईमानदारी, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।

यह भी पढ़े:- खेलने को लेकर विवाद में 13 साल के बच्चे की चाकू मारकर हत्या, 15 वर्षीय आरोपी फरार
संसदीय समिति कृषि, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े मामलों तथा सरकार की नीतियों और कार्यों की समीक्षा करती है।
चन्नी को लगातार तीसरी बार इस महत्वपूर्ण समिति की जिम्मेदारी मिलना पंजाब की राजनीति के साथ-साथ किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

