कपूरथला:-(मनदीप कौर)-पंजाब के कपूरथला में दिवाली की रात खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब अज्ञात हमलावरों ने 27 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सोमवार रात करीब 7:30 बजे मोहल्ला महिताबगढ़ की है। मृतक की पहचान मनी उर्फ पहलवान पुत्र बग्गा निवासी मोहल्ला महिताबगढ़, कपूरथला के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मनी दिवाली की रात अपने घर के बाहर पटाखे चला रहा था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही मनी जमीन पर गिर पड़ा। परिवार के सदस्य तुरंत उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कुछ महीने पहले हुई थी शादी
मृतक के पिता बग्गा ने सिविल अस्पताल में बताया कि उनका बेटा पहलवानी करता था और उसकी किसी के साथ कोई लड़ाई या दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने बताया कि मनी की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी। परिवार दिवाली का त्योहार मना रहा था, लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।
अज्ञात हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम
परिवार के अनुसार, कुछ युवक मौके पर पहुंचे और मनी को गोली मारकर फरार हो गए। फिलहाल हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

