बरनाला -( मनदीप कौर)- बर्नाला के जिला प्रशासनिक परिसर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एसएसपी कार्यालय के पास स्थित पानी की टंकी पर तीन युवतियां चढ़ गईं। तीनों युवतियां अलग-अलग मामलों में रेप पीड़ित होने का दावा कर रही हैं और पुलिस से इंसाफ की मांग कर रही हैं।
युवतियों का आरोप है कि उन्होंने करीब दो महीने पहले एसएसपी बर्नाला को अलग-अलग शिकायतें देकर कुछ व्यक्तियों पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए थे। उनका कहना है कि शिकायतों को करीब दो महीने बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-bikaner-sweets-shop-theft-gadha-road/
तीनों युवतियां बर्नाला जिले के अलग-अलग गांवों से संबंधित बताई जा रही हैं। उनके मामले और आरोपी भी अलग-अलग हैं। बताया जा रहा है कि सभी मामले जिला मुख्यालय स्तर पर एक डीएसपी के पास विचाराधीन हैं।
युवतियों ने आरोप लगाया कि उन्हें न्याय दिलाने के बजाय कथित तौर पर समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि लगातार कार्रवाई का इंतजार करने के बाद मजबूर होकर उन्होंने अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने के लिए यह कदम उठाया।
पानी की टंकी पर तीनों युवतियों के चढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर उन्हें नीचे उतारने और उनकी शिकायतों पर कार्रवाई का भरोसा देने के प्रयास किए गए। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

