जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब के जालंधर में 120 फीट रोड पर सोमवार रात एक कारोबारी से हुई करीब 50 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में कार सवार लुटेरों ने कारोबारी की गाड़ी को टक्कर मारी और कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने में एक लड़की और कारोबारी का पुराना ड्राइवर भी शामिल था।
120 फीट रोड पर कारोबारी की कार को मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक, कारोबारी ललित मित्तल सोमवार रात करीब 7:50 बजे कार से 120 फीट रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें महसूस हुआ कि एक सफेद रंग की कार उनका पीछा कर रही है। सड़क पर स्ट्रीट लाइटें बंद थीं और पीछे आ रही कार की रफ्तार भी तेज थी।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/barnala-three-rape-survivors-water-tank-ssp-office/
कुछ समय बाद पीछे आ रही कार अचानक आगे आ गई। कारोबारी ने कार रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी नहीं रुके और उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपियों ने कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर उन पर हमला किया और कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
बैग में रखे थे 50 लाख रुपये
बताया जा रहा है कि कारोबारी के बैग में करीब 50 लाख रुपये नकद थे। वारदात के बाद आरोपी हिमाचल की तरफ भाग गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
CCTV फुटेज और अन्य जांच के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, लूट की पूरी साजिश में एक लड़की की भूमिका भी सामने आई है।
कारोबारी का पुराना ड्राइवर भी साजिश में शामिल
जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए लड़की ने कारोबारी के पुराने ड्राइवर के साथ मिलकर योजना बनाई थी। बताया जा रहा है कि लड़की को दुकानदार ने कुछ महीने पहले काम के लिए दुकान पर रखा था।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
ललित मित्तल ने पुलिस को क्या बताया?
ललित मित्तल के मुताबिक, वह अपने टांडा रोड स्थित दफ्तर से करीब पौने घंटे की देरी से निकले थे। उनका घर सूर्या एन्क्लेव में है और वह किशनपुरा में दुग्गल बेकरी के रास्ते 120 फीट रोड पर पहुंचे थे।
इसी दौरान उन्हें एहसास हुआ कि एक सफेद रंग की कार उनका पीछा कर रही है। इसके बाद आरोपियों ने उनकी कार को टक्कर मारकर उन्हें रोक लिया और हमला करते हुए कैश से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
गौरतलब है कि ललित मित्तल सीजेएस स्कूल के मालिक और सूर्या एन्क्लेव रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव भी बताए जा रहे हैं।

