होशियारपुर -(मनदीप कौर)- पंजाब के बजवाड़ा के नजदीकी इलाके में 37 वर्षीय युवक जितेंद्र कुमार का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव घर से करीब 500 मीटर दूर खेतों में खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक के चेहरे, सिर और कंधे पर चोटों के निशान थे। परिजनों के अनुसार, जितेंद्र कुमार सुबह करीब 7 बजे घर से लापता हो गया था। परिवार ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन शाम को खेतों में शव मिलने की सूचना मिली।
मृतक के भाई मनदीप कुमार ने बताया कि परिवार को शव मिलने की जानकारी एक व्यक्ति से मिली। इसके बाद गांव के सरपंच को सूचित किया गया, जिन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक कोका-कोला फैक्ट्री में ड्राइवर के रूप में काम करता था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक के शरीर पर चोटों के निशान थे और उसकी मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या की आशंका को लेकर मामले की जांच जारी है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

