लुधियाना -(मनदीप कौर)- न्यू बहादुर के बाजीगर डेरा गांव में बिजली का ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में करीब 15 युवकों पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप है। मारपीट के दौरान कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, करतार चंद के घर के पास बिजली का ट्रांसफार्मर लगाने की तैयारी की जा रही थी। परिवार और मोहल्ले के लोगों ने इसका विरोध करते हुए आशंका जताई कि यहां छोटे बच्चे खेलते हैं और ट्रांसफार्मर लगने से हादसा हो सकता है।

कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
आरोप है कि गुरुवार शाम करीब 8 बजे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। एक पक्ष पर करतार चंद के परिवार और गली में मौजूद लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया गया है।
घटना के दौरान परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट हुई। इसी बीच, बच्चों को पिटता देखकर दीवार पर मौजूद एक बुजुर्ग ने नीचे छलांग लगा दी और अपने परिवार को बचाने के लिए हमलावरों का मुकाबला किया।
पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने पर थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर होगी।

